रुड़की। भंगेड़ी गांव में सेना और ग्रामीणों के बीच लंबे समय से चल रहे रास्ता विवाद में अब समाधान की उम्मीद जगी है। हाईकोर्ट की डबल बेंच द्वारा स्थानीय प्रशासन को ग्रामीणों के लिए रास्ता खुलवाने के आदेश दिए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
रुड़की तहसील क्षेत्र के भंगेड़ी गांव में सेना द्वारा सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए रास्ता बंद किए जाने से ग्रामीणों को काफी समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मुद्दे को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों, किसान यूनियन और ग्रामीणों द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किए गए। मामला पिछले कुछ वर्षों से हाईकोर्ट में विचाराधीन था।
अब हाईकोर्ट की डबल बेंच ने स्थानीय प्रशासन को ग्रामीणों के आवागमन के लिए रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुपालन को लेकर खानपुर विधायक उमेश कुमार ने ग्राम प्रधान नरेंद्र और अन्य ग्रामीणों के साथ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से बैठक की और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस संबंध में सेना के अधिकारियों के साथ एक बैठक हो चुकी है और जल्द ही एक और बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि मामले के सकारात्मक समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
वहीं विधायक उमेश कुमार ने विश्वास जताया कि शीघ्र ही रास्ता खोल दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और उनका आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो सकेगा।