रुड़की। विधानसभा चुनाव से पहले ही रुड़की में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेस क्लब रुड़की के पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा ने भी रुड़की विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। जन निर्माण पार्टी की ओर से उन्हें रुड़की विधानसभा का प्रत्याशी घोषित किया गया है।
दीपक शर्मा सर्व समाज के समर्थन के भरोसे चुनावी वैतरणी पार करने की उम्मीद लगाए हुए हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे दीपक शर्मा की विभिन्न सामाजिक वर्गों में पहचान को उनकी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
पत्रकारिता के बाद अब राजनीतिक पारी की शुरुआत

दीपक शर्मा ने बताया कि अब तक पत्रकारिता के माध्यम से जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने का कार्य किया गया है। उन्होंने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए आमजन की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया है। अब उन्होंने राजनीतिक पारी की शुरुआत की है, ताकि जनसमस्याओं के समाधान के लिए और प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उनका उद्देश्य सभी धर्मों, वर्गों और समाज के लोगों को साथ लेकर मजबूती के साथ चुनाव लड़ना है।
जनसमस्याओं का समाधान रहेगा प्राथमिकता
दीपक शर्मा ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ-साथ उनके समाधान के लिए ठोस प्रयास करना रहेगा। उन्होंने सर्व समाज से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर काम किया जाएगा।
दीपक शर्मा के चुनावी मैदान में उतरने से रुड़की विधानसभा की राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। अब चुनाव में उन्हें सर्व समाज का कितना समर्थन मिलता है और उनका चुनावी अभियान किस दिशा में आगे बढ़ता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
© News Plus Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies