रुड़की। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर रुड़की नगर के विभिन्न मंदिरों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिरों को आकर्षक झांकियों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया। राधा-कृष्ण के स्वरूपों से सजी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। देर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रामनगर स्थित राम मंदिर में श्री सनातन धर्म सभा की ओर से जन्माष्टमी पर विशेष तैयारियां की गईं। मंदिर परिसर में बर्फ से अमरनाथ गुफा का मनमोहक दृश्य तैयार किया गया। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े कारागार के दृश्य समेत कई आकर्षक झांकियां सजाई गईं। झांकियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।

सिविल लाइंस स्थित प्रेम मंदिर में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष आयोजन किया गया। यहां मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ मेला भी लगाया गया। मेले में बच्चों और बड़ों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए, जिनका लोगों ने जमकर आनंद लिया। रामनगर में भी जन्माष्टमी के अवसर पर बाबा मेला आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
इसके अलावा नहर किनारे स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर, आर्य समाज मंदिर, गणेश चौक, सेवा समिति, सोनकर सेवा समिति सहित नगर के अन्य मंदिरों और समितियों की ओर से भी जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया गया।
रामनगर स्थित राम मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष रामजी भटेजा, उपाध्यक्ष संजीव अरोड़ा, सचिव धर्मपाल लखानी, संयोजक गुलशन अनेजा, संरक्षक जगदीश मेहंदी रत्ता व रत्नाकर थर्मा, कोषाध्यक्ष सतीश कालरा, प्रबंधक मन्नू मेहंदी रत्ता, संजीव लखानी और हैप्पी मेहंदी रत्ता सहित लीलाधर मेहंदी रत्ता, हेमंत मेहंदी रत्ता, किशन लाल माटा, संचित भाटिया और रवि भटेजा मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
© News Plus Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies