logo


News

भव्य पुण्यतिथि समारोह में कीर्तिशेष मनोहर लाल शर्मा की प्रतिमा का अनावरण, एम्बुलेंस व लिफ्ट का भी लोकार्पण..

रुड़की। बी. एस. एम. डिग्री कॉलेज परिसर में आज एक गरिमामयी एवं भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के दिवंगत अध्यक्ष एवं प्रबंधक कीर्तिशेष श्री मनोहर लाल शर्मा एडवोकेट की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। समारोह में शिक्षा जगत की प्रमुख हस्तियों, कॉलेज स्टाफ, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री माननीय मदन कौशिक ने रिबन काटकर प्रतिमा का अनावरण किया। अनावरण के उपरांत उपस्थित जनसमूह ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। आचार्य पंडित बासुदेव पंत द्वारा विधि-विधान एवं मंत्रोच्चारण के साथ प्रतिमा का पूजन कराया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः श्रद्धामय हो उठा। इस अवसर पर कॉलेज में सुविधाओं के विस्तार के तहत एक नई लिफ्ट का उद्घाटन भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों और स्टाफ को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही, पुण्यतिथि के अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक द्वारा एक नई एम्बुलेंस का भी लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया गया।

मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि पूज्य बाबू मनोहर लाल शर्मा राज्य के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद एवं समाजसेवी थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जब भी वे किसी कार्य हेतु उनके पास गए, उन्होंने कभी निराश नहीं किया और कठिन से कठिन कार्य को सहजता से संपन्न किया। किसी भी संस्थान की नींव उसके दूरदर्शी नेतृत्व पर टिकी होती है और बाबू जी ने न केवल इस कॉलेज की स्थापना की, बल्कि इसे अनुशासन और उच्च शिक्षा का आदर्श केंद्र बनाया। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों और समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।प्रतिमा अनावरण के दौरान कॉलेज स्टाफ एवं परिजन भावुक नजर आए। प्रबंध समिति के अध्यक्ष ममतेश कुमार शर्मा एडवोकेट एवं कॉलेज सचिव रजनीश कुमार शर्मा एडवोकेट ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रबंधक जी का सपना था कि क्षेत्र का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे और यह संस्थान उनके पदचिह्नों पर चलने के लिए संकल्पित है।उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा केवल पत्थर की मूर्ति नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति उनके अटूट समर्पण और आदर्शों का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने यह भी संकल्प दोहराया कि बाबू जी का सपना था कि यह कॉलेज भविष्य में विश्वविद्यालय का रूप ले और उसे साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में राम कुमार शर्मा, संजीव शर्मा एडवोकेट, विनय कुमार शर्मा एडवोकेट, भानु प्रताप गौतम एडवोकेट, देवेश गौतम एडवोकेट, बी.एस.एम. बी.एड कॉलेज की प्राचार्या ममता जोशी, बी.एस.एम. डिग्री कॉलेज की प्राचार्या शिखा जैन, बी.एस.एम. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कैप्टन अजय कौशिक, इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक राजा राम, डॉ. अभय ढौंडियाल, शैलेन्द्र पंत, शहजाद, पवन हांडा, सुशील त्यागी, धीर सिंह, कमल मिश्रा, डॉ. उदयन, अमित कपिल, प्रमोद कुमार शर्मा, विशेष कुमार, विनय कुमार, मोहित कुमार, विकास गौतम, नितिन मिश्रा, अंकित कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह श्रद्धा, सम्मान और संकल्प का प्रतीक बनकर शिक्षा जगत में एक नई प्रेरणा छोड़ गया।

News Plus Roorkee
Get In Touch

Editor in Chief - Abhishek Sharma

Roorkee

+91-9897541866 , 7017078146

news@newsplusroorkee.com

Follow Us

© News Plus Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies