रुड़की। लंबे समय से निर्माणाधीन सोलानी नदी के नए पुल पर नवंबर माह से पहले आवागमन शुरू हो जाएगा। यह दावा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के दौरान किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री बत्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम से पहले पुल के नीचे होने वाले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि मानसून के दौरान निर्माण कार्य प्रभावित न हो और परियोजना तय समय सीमा में पूरी की जा सके।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि पुल के निर्माण के बाद हरिद्वार और रुड़की के बीच सीधी एवं सुगम कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इससे क्षेत्र के लोगों को यातायात संबंधी बड़ी राहत मिलेगी और शहर के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह पुल रुड़की की तरक्की का महत्वपूर्ण आधार बनेगा।
गौरतलब है कि पुराना सोलानी नदी पुल पिछले करीब तीन वर्षों से भारी वाहनों के लिए बंद है। इसके चलते स्कूल बसों समेत बड़े वाहनों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है। स्थानीय लोग लंबे समय से नए पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे। रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा के प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति मिली और वर्तमान में इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।मंत्री प्रदीप बत्रा ने विश्वास जताया कि निर्धारित समय से पहले पुल जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे हजारों लोगों को प्रतिदिन राहत मिलेगी।
© News Plus Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies