रुड़की। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक द्वारा आयोजित “उड़ान सफलता का सम्मान” कार्यक्रम के तहत शहर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में जानकारी दी गई|
कार्यक्रम संयोजक गौरव कौशिक ने बताया कि 24 मई को सुबह 11 बजे दिल्ली रोड स्थित एक होटल में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महेंद्र भट्ट रहेंगे।उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख 40 विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर चुके प्रतिष्ठित लोग भी कार्यक्रम में शामिल होकर मेधावियों को सम्मानित करेंगे, ताकि छात्र उनसे प्रेरणा लेकर अपने जीवन में आगे बढ़ सकें।
गौरव कौशिक ने कहा कि कार्यक्रम में करियर काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी देंगे।उन्होंने कहा कि “उड़ान सफलता का सम्मान” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने की प्रेरणा और मार्गदर्शन मिल सके, ताकि वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
© News Plus Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies